क्रिकेट के नियम बनाने वाली संस्था MCC यानी मेलिरिबोन क्रिकेट क्लब ने 2011 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान एमएस धोनी सहित पांच भारतीय क्रिकेटर को क्लब की लाइफटाइम मेंबरशिप से नवाजा है। MCC ने बुधवार (5 अप्रैल) को इसकी घोषणा की। धोनी के अलावा सुरेश रैना और युवराज सिंह सहित 19 पुरुष और महिला क्रिकेटरों को सम्मानित किया गया है। इसमें दो नॉन-प्लेइंग व्यक्ति भी हैं, जिन्हें पिच के बाहर उनके शानदार योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।
भारत ने धोनी की कप्तानी में 2011 में 28 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप जीता था। युवराज और रैना उस टीम के सदस्य थे। भारत धोनी की कप्तानी में ही साल 2007 में टी-20 वर्ल्ड चैंपियन भी बना था। वहीं ODI में मिताली राज 232 मैचों में 7,805 रन बनाई हैं, जो महिला क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड है। विमेंस ODI मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली झूलन गोस्वामी भी सम्मान सूची में शामिल हैं।